बिहार: मोहर्रम जुलूस में हाईवोल्टेज तार से टकराया ताज़िया, 1 की मौत, 40 झुलसे

शेयर करें

मोहर्रम के जुलूस के दौरान बिहार के रोहतास में दर्दनाक घटना हो गई। रोहतास के चेनारी थानान्तर्गत लोधी में रविवार को ताज़िया बिजली के तार से टकरा गया जिसके बाद करंट की चपेट में आने से एक की मौत हो गई। वहीं 40 लोग झुलस गए। इनमें से 22 लोगों को आनन फानन चेनारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। यहां से 7 लोगों को गंभीर स्थिति में बनारस रेफर किया गया है।

झुलसे मरीजों के परिजन उन्हें बनारस निजी वाहन से ले गए। मृतक का नाम परवेज अंसारी है। घटना लोधी गांव की है। रविवार को 3.30 बजे दोपहर मोहर्रम का जुलूस निकाला गया था। लोग ताजिया लेकर चल रहे थे। ताजिया की ऊंचाई 30 से 35 फीट थी। ताजिया की ऊंचाई अधिक होने के कारण यह लोधी गांव के पास 33 हजार वोल्ट की चपेट में आ गया। ताजिया में एल्यूमीनियम और लोहे की तारों का इस्तेमाल किया गया था।

इससे पूरे ताजिया में करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगते ही वहां खलबली मच गयी। करीब 40 लोग इसके चपेट में आ गए। 22 की स्थिति खराब हो गयी। बाकी को करंट का झटका लगा था। ताजिया जुलूस में तीन से चार हजार की भीड़ थी।

प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। सुबह से दोपहर तक बिजली कटी हुई थी। लोग काफी परेशान थे। लेकिन जब ताजिया और विसर्जन जुलूस निकालने का समय आया तो बिजली दे दी गयी।

Comments

comments